-शोभा यात्रा में अंबाडी, दीवानगंज और सेमरा सहित कई गांव के ग्रामीण हुए सम्मिलित
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम अंबाडी में रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। राम जानकी अयोध्या धाम मंदिर अंबाडी से शाम 4 बजे गाजे-बाजे, ढोल, नगाड़े और डीजे की धुन पर गजेंद्र चौकसे के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

इस शोभायात्रा में ग्राम अंबाडी के साथ-साथ दीवानगंज, सेमरा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर घर के सामने ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर तथा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
शोभायात्रा राम जानकी अयोध्या धाम मंदिर से प्रारंभ होकर श्री गणेश चौक सदर बाजार मंदिर, चांदनी चौक स्थित शिव-पार्वती मंदिर, साहू मंदिर होते हुए पुनः अयोध्या धाम मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्रीराम की महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का शानदार संदेश दिया है।