सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील की ग्राम पंचायत गढ़ी में सड़क निर्माण के साथ जनसुविधाओं के विस्तार की मांग उठी है। ग्राम पंचायत ने इस संबंध में मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआरडीसी), भोपाल को आवेदन भेजकर आवश्यक कार्य कराने की मांग की है। गौरतलब है कि रायसेन से राहतगढ़ तक लगभग 100 किमी लंबी मुख्य सड़क का निर्माण कार्य निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। यह मार्ग ग्राम गढ़ी के आबादी क्षेत्र से होकर गुजरता है, तथा यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है।
ग्राम पंचायत गढ़ी सरपंच सैयद मसूद अली पटेल ने इस बावत आवेदन दिया है। जिसमें आरएसी फ्यूल पेट्रोल पंप से शिवा पेट्रोल पंप (कढ़ैया) तक सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किमी क्षेत्र में नाली निर्माण की जरूरत बताई गई है। विशेषकर लोहागढ़ टोला क्षेत्र में हायर सेकेंडरी स्कूल, खेल मैदान और दशहरा मैदान होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों और विद्यार्थियों को परेशानी होती है।

साथ ही नाली और सड़क के बीच खाली जगह पर पेवर ब्लॉक लगाने का सुझाव दिया गया है, ताकि पैदल चलने वालों को सुविधा मिल सके और क्षेत्र की स्वच्छता व सौंदर्य भी बढ़े। इसके अलावा गढ़ी बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए नए प्रतीक्षालय के निर्माण और मुख्य मार्ग पर पर्याप्त रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी की गई है। आवेदन में एमपीआरडीसी से संबंधित एजेंसी को मौके पर सर्वे कर जल्द से जल्द आवश्यक कार्य शुरू कराने के निर्देश देने की मांग की गई है।