मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवान गंज सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देर रात बादलों की तेज गरज के साथ करीब एक घंटे तक बारिश हुई, जिससे किसानों की फसलें आड़ी हो गईं। तेज हवा और बारिश के कारण गेहूं सहित अन्य रबी फसलें खेतों में गिर गईं, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

एक बार फिर मौसम खराब हो गया और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें और गहरी हो गई हैं। कई किसानों की फसलें पहले से ही कटकर खेतों में पड़ी हैं, जबकि कई जगह फसल पूरी तरह पककर कटाई के लिए तैयार है। ऐसे में बारिश जारी रहने पर भारी नुकसान हो सकता है।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम साफ नहीं हुआ तो कटी हुई फसल खराब हो सकती है और खड़ी फसल भी गिरने से उत्पादन पर असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।