– अधिकारियों ने मौजूद रहकर सुनी समस्याएं
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शिक्षकों के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार उत्कृष्ट विद्यालय गैरतगंज में परिवेदना निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विकासखंड के कई शिक्षकों ने उपस्थित होकर अपने लंबित प्रकरणों और समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान संयुक्त संचालक शिक्षा अरविंद चौरगढ़े, जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी आशीषसिंह चौहान ने मौजूद रहकर शिक्षकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिक्षकों की समस्याएं सुनकर संबंधित प्रकरणों का परीक्षण कराया तथा उनके उचित और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में मुख्य रूप से क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान, वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट), सेवा अभिलेखों के अद्यतन तथा पेंशन एवं अन्य लंबित स्वत्वों से जुड़े प्रकरणों पर सुनवाई की जा रही है। अधिकारियों ने इस मौके पर कहा कि शासन के निर्देशानुसार शिक्षकों के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य पीसी दिवार, देवनगर प्राचार्य आरडी साहू आदि ने भी शिक्षकों की समस्याओं का विस्तार से परीक्षण किया। दौरान कई शिक्षकों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षक नेतराम साहू, लेखापाल विनोद वर्मा, शिक्षक ओमप्रकाश जायसवाल, दीपक धाकड़ सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।