सी के पारे
खंडवा। ओंकारेश्वर मंदिर में प्रशासन द्वारा रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए एक क्रांतिकारी पहल शुरू की गई है। अब मंदिर परिसर में रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी शुल्क के वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत बाबा भोलेनाथ के दर्शन कराए जाएंगे। बढ़ती रक्त मांग को पूरा करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से यह अनूठा कदम उठाया गया है।
प्रशासन ने मंदिर के पास ही ब्लड डोनेशन काउंटर की व्यवस्था की है, जहां श्रद्धालु सहज रूप से रक्तदान कर सकते हैं। इस पहल के पहले ही दिन 13 से अधिक श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर अभियान की सफल शुरुआत की।
अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार को जोड़ने का यह प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देगा। श्रद्धालुओं ने भी इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे मानवता की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़कर रक्तदान करेंगे।