सी के पारे भोपाल
राजधानी भोपाल में आज शाम 4 बजे के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और वाहन चालकों की सघन जांच की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।
टीटी नगर, एमपी नगर, न्यू मार्केट और कोलार रोड क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के चलते पुलिस ने रूट डायवर्जन भी किया। ऑफिस टाइम खत्म होने के बाद अचानक बढ़े यातायात को नियंत्रित करने के लिए क्रेन और मोबाइल वैन की मदद ली गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस दौरान कई दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
शहरवासियों से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें। अभियान देर शाम तक जारी रहा।