मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रविवार को मतदाता दिवस पर लोकतंत्र मजबूत करने का संकल्प
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, पंचायत कार्यालयों और शासकीय संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई गई। शपथ में हम, भारत के नागरिक लोकतन्त्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट देश की दिशा और दशा तय करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का अवश्य उपयोग करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर जागरूकता रैली, भाषण प्रतियोगिता एवं मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लिया