सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी और अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय ने प्रचार रथ को किया रवाना
रायसेन।बसंत पंचमी के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता के लिए बाल विवाह मुक्ति प्रचार रथ को सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी एवं अपर जिला कलेक्टर मनोज उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ महिला एवं बाल विकास विभाग, जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क की सहयोगी संस्था कृषक सहयोग संस्थान द्वारा तैयार किया गया है।

इस अवसर पर विधायक श्री चौधरी ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक बुराई के साथ कानूनन अपराध है और इसे समाप्त करना सभी की जिम्मेदारी है। अपर जिला कलेक्टर श्री उपाध्याय ने कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयासों के बाद ही हमारा देश पूर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त हो सकेगा।
संस्था के निदेशक डॉ. एच. बी. सेन ने बताया कि बसंत पंचमी व अक्षय तृतीया जैसे अवसरों पर परंपराओं या अज्ञानता के कारण बाल विवाह की संभावनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में यह प्रचार रथ लोगों को कानूनी प्रावधानों व दुष्परिणामों से अवगत कराएगा।

बाल संरक्षण अधिकारी महिला बाल विकास के दिनेश मालवीय ने कहा कि बाल विवाह में संलिप्त पाए जाने पर दो वर्ष तक की सजा या एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने अपील की कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर 112 या 1098 पर तुरंत जानकारी दें।
जिला समन्वयक अनिल भवरे के अनुसार प्रचार रथ जिले की सभी तहसीलों एवं प्रमुख गांवों में जाकर पंपलेट वितरण, जागरूकता गीतों और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगा।अभियान में नितिन , राजकुमार साहू, शिवनारायण सराठे एवं निखिल सेन सहभागिता रही।