समापन समारोह में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर रवीन्द्र जडेजा होंगे शामिल
जिला प्रभारी मंत्री पंवार ने खेल स्टेडियम पहुंचकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से की विस्तृत चर्चा
सी एल गौर रायसेन
जिला मुख्यालय स्थित खेल स्टेडियम में आगामी 2 फरवरी को सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत लोकसभा स्तर का फाइनल, समापन कार्यक्रम का विशाल आयोजन होने जा रहा है, जिसमें केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान एवं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर रवीन्द्र जडेजा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार तथा जिला प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार बुधवार को रायसेन स्थित खेल स्टेडियम पहुंचे।

उन्होंने यहां आगामी 02 फरवरी को आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव के लोकसभा स्तरीय फाइनल मैच और समापन कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता आदि अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए समापन समारोह की तैयारियों के संबंध में दिशा निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने 2 फरवरी को आयोजित होने वाले कबड्डी और क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच तथा समापन कार्यक्रम के आयोजन, मुख्य अतिथियों के आगमन, बैठक व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर एसडीएम मनीष शर्मा, तहसीलदार मंडलेकर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।