रायसेन । नगर पालिका ने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के आदेश पर शहर की तीन अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की। सीएमओ सुरेखा जाटव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया।

कार्रवाई की शुरुआत बायपास रोड स्थित शिव शक्ति धाम कॉलोनी से हुई। यह कॉलोनी बिना परमिशन के बनाई जा रही थी। सीएमओ जाटव ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से विकास अनुमति और वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।
इसके बाद, नगर पालिका की टीम ने कॉलोनी के कच्चे मार्गों और बढ़ाए गए पिलरों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही, कॉलोनी में रखी निर्माण सामग्री को भी जब्त कर लिया गया।

इसके बाद टीम सांची रोड पर स्थित डायमंड सिटी पहुंची, जहां कच्चे मार्ग पर लगे पत्थरों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका ने एक अन्य अवैध कॉलोनी पर भी इसी तरह की कार्रवाई को अंजाम दिया।
ये सभी कॉलोनियां अवैध तरीके से विकसित की जा रही थीं और इनके कॉलोनाइजरों के पास नगर पालिका से संबंधित कोई वैध अनुमति नहीं थी। सीएमओ सुरेखा जाटव ने सभी संबंधित कॉलोनाइजरों को खसरा नक्शा और कॉलोनी की विकास अनुमति नगर पालिका में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।