सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सुबह-सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक वैन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक शिक्षिका समेत 6 मासूम बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह हादसा सुल्तानगंज–सिलवानी स्टेट हाईवे-15 पर बोरिया तिगड़ा के पास हुआ। मारुति वैन श्री रामराजा गुरुकुल विद्यालय, पारस कॉन्वेंट स्कूल और शासकीय हाई स्कूल सुल्तानगंज के बच्चों को पिपलिया खुर्द, शाहपुर और खमरिया कलां गांवों से लेकर स्कूल जा रही थी।

इसी दौरान सुल्तानगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से वैन को टक्कर मार दी।हादसे में शिक्षिका दुर्गेश यादव सहित छात्र-छात्राएं शांति, केशरी, संजना, रुचि, वसुंधरा और सुहानी घायल हो गए। घटना की सूचना तत्काल 112 डायल पर दी गई।
सुल्तानगंज की 112 डायल मौके पर उपलब्ध नहीं होने के कारण बेगमगंज थाना क्षेत्र से FRV-17 वाहन मौके पर भेजा गया। 112 डायल वाहन के चालक देशराज सिंह राजपूत और आरक्षक अजय सिंह राणा ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

सुल्तानगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 112 डायल की मदद से शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुल्तानगंज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानलेवा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने पिकअप वाहन के चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।