भोपाल।इस साल का राजकुमार केसवानी सम्मान जानी-मानी न्यूज एंकर, सामाजिक कार्यकर्ता, अतिथि चेहरों में से एक ऋचा अनिरुद्ध वक्ता, और हिंदी टेलीविजन समाचार के सबसे लोकप्रिय ऋचा अनिरुद्ध को दिया जाएगा।
समारोह 26 नवंबर को राजकुमार केसवानी के 75वें जन्मदिवस पर भोपाल में आयोजित होगा। पुरस्कार में एक लाख रुपए, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न शामिल है। ऋचा अनिरुद्ध ऐसी शख्सियत हैं जो लोगों के दिलों को छू लेने वाली सकारात्मक कहानियों
से कई जिंदगियों में बदलाव ला चुकी हैं। उन्हें टॉक शो ‘जिंदगी लाइव’ की मेजबानी के लिए जाना जाता है। इस शो के सभी छह सीजन को सर्वश्रेष्ठ टॉक शो का पुरस्कार मिला था। ऋचा ने 1996 में डीडी नेशनल के साथ फ्रीलांस एंकर के रूप में करियर शुरू किया था।
सप्रे संग्रहालय के संस्थापक विजयदत्त श्रीधर ने बताया कि केसवानी विलक्षण पत्रकार थे। उन्होंने भोपाल गैस त्रासदी से पहले ही उससे जुड़े खतरों के बारे में तथ्यों के साथ खुलासा किया था। दैनिक भास्कर के संपादक रहे केसवानी का कॉलम ‘आपस की बात’ बेहद लोकप्रिय था। अलंकरण समारोह में ख्यात कवि और पत्रकार उदय प्रकाश, लेखक दिव्य प्रकाश दुबे व नीलोत्पल मृणाल, गीतकार राजशेखर और लेखक व निर्देशक बलराज स्याल, राजकुमार केसवानी से जुड़ी यादें साझा करेंगे।