मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरा निवासी किशन लोधी पिता अर्जुन लोधी के साथ गुरुवार दोपहर के समय ठगी हो गई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर किशन लोधी के मोबाइल पर ठगों ने फर्जी लिंक भेजी। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से तीन बार में 18 हजार 437 रुपए की राशि उड़ गई। पीड़ित पहले दीवानगंज चौकी पहुंचा। वहां पर साइबर क्राइम में शिकायत करने की सलाह दी गई। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें।
किशन लोधी ने बताया कि मेरे खाते से पहले 16 हजार 137 रुपए ,दूसरी बार में 2 हजार और तीसरी बार में 300 रुपए निकल गए। जैसे ही मोबाइल चालू हुआ तो मेरे मोबाइल पर मैसेज आया मैं घबरा गया। में तुरंत दीवानगंज चौकी पहुंचा वहां पर मुझे साइबर क्राइम में शिकायत करने को कहा गया। मैंने साइबर क्राइम की हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत कर दी है।
मेरा सभी लोगों से अपील की अनजान लिंक आने पर उसको ना खोले। जो आज मेरे साथ हुआ है वह अन्य लोगों के साथ भी हो सकता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर अपराधी अब सरकारी योजनाओं और सहायता योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर ठगी कर रहे हैं। लगातार जागरूकता अभियान के बावजूद कई लोग अब भी इन जालसाजों के शिकार हो रहे हैं।
साइबर पुलिस की अपील —
किसी भी अनजान लिंक या एप्लिकेशन को डाउनलोड न करें, अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में दें।