राजेश राजपूत जनपद पंचायत सिलवानी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पत्नी सुमन राजपूत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
रायसेन।जिले के सिलवानी नगर के वार्ड क्रमांक 2 में गुजरी बुधवार की देर रात पारिवारिक विवाद के बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पति ने अपनी पत्नी को देशी कट्टे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को सिविल अस्पताल सिलवानी में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल एम्स रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 2 निवासी राजेश राजपूत (40), जो जनपद पंचायत सिलवानी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ है, का बुधवार रात उनकी पत्नी सुमन राजपूत (38) जो कि शासकीय कर्मचारी हैं आंगनबाड़ी के पद पर पदस्थ है दोनों पति पत्नी कर्मचारी है किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर राजेश ने देशी कट्टे से पत्नी पर फायर कर दिया।
गोली सुमन के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और किरायेदार जितेंद्र मेहरा मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल सिविल अस्पताल सिलवानी ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल एम्स रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिलवानी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सिलवानी थाना प्रभारी पूनम सविता ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति राजेश राजपूत को हिरासत में लेकर वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा जब्त कर लिया है।सिविल अस्पताल से प्राप्त प्री-एमएलसी रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि गोली पति द्वारा ही चलाई गई थी। बताया जा रहा है कि दंपती के दो पुत्र हैं। पुलिस ने घायल सुमन राजपूत की रिपोर्ट पर आरोपी राजेश के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।मामले की विवेचना जारी है।