Let’s travel together.

स्व•मथुरा मोहन श्रीवास्तव जी की स्मृति में हुआ शास्त्रीय गायन

0 92

विदिशा। पं गंगा प्रसाद पाठक ललित कला न्यास ने ग्वालियर घराने के गायक एवं संगीता चार्य स्व•मथुरा मोहन श्रीवास्तव के पुण्य स्मरण में शास्त्रीय गायन का कार्यक्रम रखा ।
माहेश्वरी धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम का आरंभ नगर के युवा शास्त्रीय गायक पं नीलेश तिवारी के गायन से हुआ हुआ । पं नीलेश तिवारी ने अपने गायन के लिये राग बागेश्री का चयन किया ।

अपनी मधुर आवाज़ में राग बागेश्री के विलंबित ऐकताल में निबद्ध रचना ” सखी मन लागे ना काहू जतन जिया मानत नाहीं मोरा में ठहराव के साथ आलाप किये । कोमल गंधार और कोमल निषाद के साथ मध्यम,
धैवत के कर्णप्रिय प्रयोग ने राग में रंजकता पैदा की । चैनदार स्वर विस्तार में बंदिश के बोलों से भराव करते हुए पं नीलेश तिवारी ने बहलावों में लयकारी की । बोल आलाप ,बोलतान ,द्रुत तानों से सजाने के बाद पं नीलेश तिवारी ने मध्यलय तीनताल में निबद्ध रचना “अब घर जाने दे कान्हा ” को भावपूर्ण बनाकर गाया । अपने गायन का समापन पं नीलेश तिवारी ने राग बागेश्री में ही द्रुत तीनताल में निबद्ध तराने से किया । पं नीलेश तिवारी के साथ तबले पर श्री शशिकांत शर्मा और हारमोनियम पर श्री सत्यम शर्मा ने कुशलता के साथ संगत की । उल्लेखनीय है कि हमारे नगरके इन तीनों युवा कलाकारों की यह पहली प्रस्तुति थी ।

कार्यक्रम के समापन में बनारस घराने की गायिका विदुषी श्रीमती दिव्या शर्मा का गायन हुआ। श्रीमती दिव्या शर्मा ने अपनी दमदार किन्तु मधुर आवाज़ में राग जोग में विलंबित एकताल में निबद्ध रचना ” बालम ना आये में माधुर्यपूर्ण स्वर विस्तार करते हुये मींड़,गमक का सौन्दर्यपूर्ण इस्तेमाल किया । स्वरों के अचूक लगाव , सरगम को कहने के अपने अलग ही अंदाज़ में राग जोग पूरी तरह से खिल रहा था । विलंबित ऐकताल में सरगम के साथ भोपाल के डाक्टर अशेष उपाध्याय की तबले पर युक्तिपूर्ण संगत और पं जितेन्द्र शर्मा की संवादिनी पर समझदार संगत से श्रोता मंत्रमुग्ध हो रहे थे । विश्व विख्यात शास्त्रीय गायक पद्म भूषण पं राजन मिश्र एवं पं साजन मिश्र की सुयोग्य शिष्या श्रीमती दिव्या शर्मा ने मध्यलय तीनताल में बहुचर्चित बंदिश “साजन मोरे घर आये ” के बाद दिव्या जी ने जोग में ही “सुरन के साथी”की भावपूर्ण प्रस्तुति से राग जोग का समापन किया । आकाशवाणी एवं दूरदर्शन की प्रथम श्रेणी कलाकार श्रीमती दिव्या शर्मा ने अपने साथ तानपूरे पर संगत कर रही श्रीमती भावना विश्वकर्मा की ओर मुस्करा कर देखते हुये अपने सामने बैठे संगीत के छात्रों से कहा “मधुकौंस सुनाऊं “और तुरंत राग मधुकौंस में मध्यलय तीनताल में निबद्ध बंदिश “कल ना परे ऐ मोरी आली “अलग अलग भाव दिखाये । इसके बाद उन्होंने मध्यलय ऐकताल में एक तराना भी सुनाया । भैरवी में टप्पा सुनाकर जब उन्होंने अपना कार्यक्रम समाप्त किया तो श्रोता अपनी जगह से कुछ देर हिले भी नहीं। कार्यक्रम से पूर्व अतिथि कलाकारों ने एवं नगर के गीतकार पथिक जी ,एडवोकेट प्रकाश जोशी आदि ने स्व मथुरा मोहन जी के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया । कलाकारों का स्वागत न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष श्री गोविन्द देवलिया, कोषाध्यक्ष श्री भरत लढ्ढा, सचिव सुनील जैन,चक्रवर्ती जैन एडवोकेट,सह सचिव श्रीअरविंद द्विवेदी,श्री सतीश खत्री, श्री अनंतसिह,श्री बृज किशोर गोयल ने किया । डाक्टर विनोद भट्ट एवं कामरेड माधोसिंह ने कलाकारों को न्यास की स्मारिका भेंट की । गंज बासौदा से आये बाबू सुनील पिंगले ने कलाकारों का शाल श्रीफल से स्वागत किया । विदिशा के अलावा गंज बासौदा, अशोकनगर, मुंगावली,सिरोंज,लटेरी , भोपाल,रायसेन के श्रोता भी कार्यक्रम में उपस्थित थे । कार्यक्रम का संचालन श्री सुदिन श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के प्रबुद्ध जन डॉ वेदप्रकाश मेहरा,प्रो पंजाबी, मनमोहन बंसल,प्रवीण शर्मा, अरविंद श्रीवास्तव, शिवकुमार तिवारी, सहित जिले के प्रतिष्ठित गायक घनश्याम शर्मा, नारायण प्रसाद शर्मा, सजंय पंडित,यशवंत शर्मा, प्रकाश पाठक टी वी के लोकप्रिय गायक शरद शर्मा आदि उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

गैस सिलेंडर की कमी के बीच एक शिक्षक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करना महंगा पड़ा, विधायक की शिकायत के बाद सस्पेंड     |     अतिक्रमण की भेंट चढे नाले-नालियां,गंदगी से बढ रहे मच्छर     |     पटवारी पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार     |     राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर संपन्न     |     मैत्री समूह रचनात्मक कार्यों में आगे आए- मुनि श्री महासागर     |     गैरतगंज में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, वाहन चालक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी महिलाएं फरार     |     उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज शहडोल के ब्लड सेंटर का किया शुभारंभ     |     उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने तीन दिवसीय रोटरी राहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ     |     उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के निर्देश के अनुक्रम में स्टाइपेंड वृद्धि आदेश जारी     |     बकाया बिजली बिल पर सख्ती, 80 कनेक्शन काटे     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811