शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
तहसील के ग्राम बड़गवां निवासी मेघराज लोधी की हत्या के तीन फरार आरोपियों में से एक आरोपी को पुलिस ने करीब 15 दिन पहले गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। वहीं एक और आरोपी को पुलिस ने सागर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है।जबकि तीन आरोपियों को पूर्व में इसी मामले में आजीवन कारावास की सजा न्यायालय सुना चुका है।
आपको बता दें कि 2019 में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था एक पक्ष जब थाना बेगमगंज मैं शिकायत करने के बाद वापस बढ़गवां गांव जा रहा था तब वीरपुर के पास नाले के करीब घात लगाकर बैठे करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने धारदार हथियारों लाठी वगैरा से हमला कर दिया था जिसमें मेघराज लोधी और अभय सिंह गंभीर घायल हुए थे। इलाज के दौरान मेघराज लोधी की मौत हो गई थी जबकि अभय सिंह को सागर रेफर किया गया था।
पुलिस ने मलखान सिंह दीनदयाल, राजा, हल्के भाई, उजयार सिंह, रघुराज, हीरालाल रणजीत सिंह आदि पर हत्या, बलवा आदि का प्रकरण फरियादी चंद्रेश लोधी की रिपोर्ट पर दर्ज कर मलखान सिंह, हीरालाल, रंजीत को गिरफ्तार कर लिया था। शेष का फरारी में चालान प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय ने सुनवाई के बाद तीन आरोपी मलखान सिंह, हीरालाल, रंजीत को 28 जून 23 में आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया।
शुरू से ही शेष आरोपियों की तलाश की जा रही थी। फरार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई जिसमें थाना प्रभारी राजीव उईके, एस आई आरके चौधरी, आरक्षक राजकुमार दुबे राहुल मिश्रा जितेंद्र रावत, सैनिक देवी सिंह शामिल थे ने विभिन्न तकनीकों का उपयोग करते हुए 6 साल से शेष फरार रहे दो आरोपियों में से एक उजयार सिंह लोधी पुत्र फागू सिंह लोधी को सागर इलाके से रेडीमेड वस्त्र बेंचते हुए गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जिसे न्याययिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है शेष एक आरोपी राजा लोधी की तलाश जारी है।