रिपोर्ट धीरज जॉनसन दमोह
जिले के बटियागढ़ तहसील का छोटा-सा ग्राम बसिया आज खुद प्रेरणा का केंद्र बन रहा है। यहां के सरपंच बलवान सिंह ने राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हुए ग्रामीण जीवन की तस्वीर बदलने का संकल्प लिया है। 2023 में निर्वाचित होने के बाद से ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी।

निजी संसाधनों से एंबुलेंस सेवा: जीवनदायिनी पहल
गांव के लोगों की तकलीफ को समझते हुए बलवान सिंह ने अपने निजी खर्च से वाहन खरीदा और उसे एंबुलेंस का रूप दिया। चौबीसों घंटे उपलब्ध यह सेवा ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही है। आपात स्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया।इलाज के लिए अन्य मदद भी मुहैय्या करवाई गई।

विकास की नई सोच: सड़कों से खेतों तक
ग्राम बसिया की गलियां अब स्ट्रीट लाइट से रोशन हैं।सफाई व्यवस्था को बेहतर कर गांव को स्वच्छता मिशन की राह पर आगे बढ़ाया गया।जैविक खेती के लिए ग्रामीणों को लगातार प्रोत्साहित कर पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा दी.

पंचायत भवन का कायाकल्प: परंपरा और सम्मान का का रखा ध्यान
बलवान सिंह ने पंचायत भवन को आधुनिक स्वरूप दिया। भवन की दीवारों पर पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें लगाकर उन्होंने परंपरा को सम्मान और पहचान दी। यह कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।ग्रामीण स्तर पर दी जाने वाली सुविधाओं का उल्लेख भी दीवारों पर किया।

गांववासियों का स्नेह: बांधी गई 563 राखी
इस वर्ष रक्षाबंधन पर ग्रामीण महिलाओं ने सरपंच को 563 राखियाँ बाँधकर उनके प्रति विश्वास का संदेश दिया। यह सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की स्वीकृति का प्रतीक बना।

शिक्षा और समाज में योगदान
विद्यालय के बच्चों से भेंट कर पेन,पेंसिल, बैग प्रदान करना, आवश्यकता अनुसार स्कूल में पंखे टेबिल भी प्रदान की गई।
शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, महिला दिवस पर महिलाओं का अभिनंदन भी किया गया।ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं में सहयोग देकर युवाओं को प्रोत्साहन दिया गया।
सामाजिक सरोकार: हर वर्ग के साथ
बलवान सिंह द्वारा अब तक 90 शादियों में अलमारी भेंट की। जरूरतमंद परिवारों तक अंतिम संस्कार के समय लकड़ी उपलब्ध करवाई जाती रही है।साथ ही बीमारों के लिए दवा और सहायता की व्यवस्था के लिए हमेशा तत्पर रहते है।

प्रेरणादायक नेतृत्व: टीम वर्क से परिवर्तन
गांव के शिक्षक और ग्रामीणों ने बताया कि बलवान सिंह की सबसे बड़ी विशेषता है उनका टीम वर्क। वे गांववासियों को साथ लेकर चलते हैं। उनका मानना है “पद जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। जरूरतमंद को यह एहसास होना चाहिए कि उसका कोई है,जो उसके साथ खड़ा है।”
बलवान सिंह का कार्य यह संदेश भी देता है कि जनप्रतिनिधि राजनीति के साथ सेवा का संकल्प पूरा कर सकता है जिससे गांव की तस्वीर बदल सकती है। ग्राम बसिया का यह उदाहरण निश्चित ही एक प्रेरणा है।