– रायसेन न्यायालय में किया पेश
सलामतपुर रायसेन से अदनान खान की रिपोर्ट।
थाना पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से फरार स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इनमें से एक वारंटी तो तीन वर्षों से फरार चल रहा था। सलामतपुर थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक रायसेन विकाश कुमार शहवाल द्वारा हाल में होने जा रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एवं नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिले में कार्य योजना बनाकर अवैध शराब विक्रेताओं, अवैध शस्त्र रखने वाले, काफी अर्से से फरार बदमाशों, स्थाई वारंटियों की धरपकड़ हेतु कार्य योजना एवं मुहिम चलाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया है। इसी कड़ी में सलामतपुर पुलिस ने थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में दो स्थाई वारंटियों जिनमें रूप सिंह लोधी पिता मान सिंह लोधी उम्र 40 वर्ष निवासी जमुनिया जो धारा 138 एनआईए चेक बाउंस के मामले में तीन साल से फरार था। को उसके निवास जमुनिया से गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे वारंटी हल्के पिता मूलचंद निवासी ग्राम सालेरा पोस्ट सेवासनी जिला रायसेन जो एक साल से धारा 138 एनआईए चेक बाउंस के मामले में फरार था। को गिरफ्तार कर बुधवार को रायसेन न्यायालय में पेश किया है।दोनों ही स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में सलामतपुर थाने के प्रभारी देवेन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक विकास श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक गणेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रामेश्वर प्रजापति, आरक्षक शशांक दीक्षित, आरक्षक रोहित गोस्वामी, आरक्षक रामकरण शर्मा, सैनिक राहुल साहू व महेश शाक्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।