सुल्तानगंज में प्राचार्य के खिलाफ फूटा गुस्सा,भ्रष्टाचार, दबंगई और छात्राओं से अशोभनीय व्यवहार के आरोप, हटाने की मांग तेज़
सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज से बड़ी खबर सामने आई है।यहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राकेश सोनी के खिलाफ सैकड़ों लोगों ने मोर्चा खोल दिया है।
क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
आरोपों की लंबी फेहरिस्त –
विद्यालय में अनियमित उपस्थिति से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित
शिकायत करने वाले छात्रों को स्कूल से निकालने की धमकी
अभिभावकों और समाजसेवियों पर एफआईआर दर्ज कराने का दबाव
शासन से आने वाली राशि में वित्तीय गड़बड़ी और भ्रष्टाचार
छात्राओं से अशोभनीय और अश्लील व्यवहार तक के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी छात्राओं की शिकायतें शिक्षा विभाग व पुलिस तक पहुंचीं, लेकिन रसूखदार होने के कारण कार्रवाई दबा दी गई।50 से अधिक सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के फर्जी निराकरण का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की विशेष जांच समिति गठित की जाए, जिसमें समाजसेवियों को भी शामिल किया जाए। साथ ही तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई गई है।
ग्रामीणों की चेतावनी – यदि एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी और विद्यार्थी जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।