कलेक्टर के पास पहुंचा जिंदा व्यक्ति, बोला- गांव के सेक्रेटरी ने सरकारी दस्तावेजों में में मुझे मार दिया
– शिवपुरी के ग्रामीण ने कलेक्टर से लगाई गुहार
– केवाईसी के दौरान पता चला कि गांव के पंचायत सचिव ने दस्तावेजों में उन्हें मृत घोषित कर दिया
– सरकारी योजनाओं का नहीं मिल पा रहा लाभ
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले की पोहरी जनपद के ग्राम बमरा के रहने वाले एक ग्रामीण ने कलेक्टर के पास मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कहा कि वह जिंदा है लेकिन सरकारी कागजों में उन्हें मार दिया गया है। ग्रामीण का आरोप है कि सरकारी दस्तावेजों में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है और यह सब ग्राम पंचायत सचिव ने किया है। इस मामले में ग्रामीण में कलेक्टर से गुहार लगाई है कि उसे जो दस्तावेज मारा गया है उसमें जिंदा किया जाए। ताकि उसे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
समग्र आईडी निकालने गए तब पता चला कि वह मर चुके हैं-
शिवपुुरी के कलेक्टर कार्यालय में शिकायत करने आए मांगीलाल के बेटे गिर्राज शर्मा ने बताया कि जब वे अपने पिता की केवाईसी करवाने के लिए समग्र आईडी निकालने गए, तो उसमें पिता को मृत दिखाया गया। मंगलवार को जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण मांगीलाल शर्मा ने अधिकारियों से गुहार लगाई कि उन्हें जीवित माना जाए। ग्रामीण मांगीलाल शर्मा का कहना है कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और रोज खेतों में काम करते हैं। लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत बता दिया गया है।
ग्राम पंचायत सचिव पर लगाए आरोप-
जनसुनवाई में कलेक्टर से की गई शिकायत में मांगीलाल ने आरोप लगाए कि 6 जनवरी 2025 को ग्राम पंचायत सचिव ने मांगीलाल शर्मा को मृत घोषित कर दिया था। इसके कारण अब मांगीलाल को किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। अपनी शिकायत में मांगीलाल शर्मा ने कलेक्टर से निवेदन किया कि उन्हें सरकारी दस्तावेजों में फिर से जीवित दिखाया जाए।