-बगैर मापदंडों के हो रहा कार्य, बारिश में होगी बड़ी परेशानी
मॉनिटरिंग का अभाव, ग़ैरतकनीक निर्माण से रहवासियों को होगी परेशानियां
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर में चल रहे फोरलेन सड़क चौड़ीकरण के कार्य में निर्माण एजेंसी द्वारा बड़े पैमाने पर अनिमियत्ताएँ एवं गड़बड़ी की जा रही है। अधिकारियों की मॉनिटरिंग के अभाव में ठेकेदार बगैर मापदंडों के मनमानी पर उतारू हो गया है तथा ग़ैरतकनीक से निर्माण कार्य आनन फानन में पूर्ण कर रहा है। इस निर्माण से लंबे समय तक नगरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
नगर के मुख्य सड़क मार्ग के 5 किलोमीटर लंबे क्षेत्र को फोरलेन करने के कार्य निर्माणाधीन है। इसके कार्य मे प्रारंभिक दौर से ही गड़बड़ी एवं ग़ैरतकनीक निर्माण की शिकायते सामने आती रही। अधिकारियों की बेरुखी के चलते ठेकेदार ने सड़क का घटिया निर्माण किया। पहले सड़क की खुदाई न करके मुख्य सड़क मार्ग के रहवासी मकान से सड़क को ऊंचा कर दिया जिससे नगर की सुंदरता खत्म हो गई। वही निर्धारित स्टीमेट से हटकर सड़क के बीचों बीच वृक्षारोपण के लिए जगह न छोड़कर दुर्घटना को न्यौता देते डिवाइडर बना दिये। वर्तमान में नगर के टेकापार कालोनी क्षेत्र में सीमेंट सड़क का निर्माण किया जा रहा है

इस निर्माण में ठेकेदार द्वारा दोयम दर्जे का मटेरियल उपयोग में ले रहा है वही कई स्थानों पर स्टीमेट से कम लोहा, सीमेंट सहित अन्य मटेरियल का उपयोग कर रहा है। यही नही सड़क निर्माण के बाद उस पर तराई भी नही की जा रही है। इस कार्य मे भी ठेकेदार ने गुणवत्ता और तकनीक का ध्यान नही रखा। स्थानीय निवासी रामगोपाल, महेश कुमार, वीरू, महेंद्र सहित अन्य ने बताया कि सड़क का निर्माण सिर्फ नाम मात्र के लिए किया जा रहा है। सीमेंट सड़क में मटेरियल गुणवत्ता विहीन है। सड़क पर तराई का अभाव है।