– भानपुरगंज में मनोकामना को लेकर राई नृत्य की रही धूम, माता को चढ़ाई चुनरी
– क्षेत्र की समृद्धि की कामना को लेकर विधायक ने मत्था टेका
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील के ग्राम भानपुरगंज स्थित माता जानकी एवं लवकुश मंदिर पर रविवार को रंगपंचमी के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया।

मिनी करीला के नाम से मशहूर भानपुरगंज के इस स्थान पर लगभग ढाई दशक से ज्यादा समय से हर साल रंगपंचमी पर यह आयोजन होता है तथा मनोकामना पूर्ति को लेकर दूर दराज से हजारों लोग यहां पहुंचकर राई नृत्य बधाई के रूप में करवाते है।रायसेन जिले में यह आयोजन अपने आप में अकेला ऐसा आयोजन है। इस मौके पर क्षेत्र की समृद्धि की कामना को लेकर विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने भी इस स्थान पर मत्था टेका।

तहसील मुख्यालय गैरतगंज से पांच किमी दूर सिलवानी रोड पर स्थित भानपुरगंज की टेकरी पर माता जानकी एवं लवकुश मंदिर स्थित है। यहां हर साल रंगपंचमी पर मेले का आयोजन होता है।
प्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित करीलाधाम की तरह गैरतगंज का भानपुरगंज प्रदेश का दूसरा ऐंसा स्थान है जहां का करीला मेला व्यापक क्षेत्र में प्रसिद्धि की ओर है तथा रायसेन जिले का यह एकमात्र आयोजन है। जिसमें प्रतिवर्ष हजारों लोग शामिल होकर अपनी श्रद्धा समर्पित करते है। बुधवार को करीला मेले का आयोजन प्रातः से ही आरम्भ हो गया तथा देर रात तक चला। प्रारंभ में जानकी मंदिर पर ग्राम वासियों एवं बधाई नृत्य करने वाली दर्जनों नर्तकियों ने मंदिर पर विधिवत विशेष पूजा अर्चना कर एवं निशान चढ़ाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। माता जानकी को इस अवसर पर चांदोनी गंज से आए ग्रामीणों ने 101 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई। मंदिर परिसर में इस अवसर पर महायज्ञ का आयोजन भी किया गया।

इस मौके पर श्रद्धालुओं ने जहां एक तरफ अपनी मनोकामना पूरी होने पर बधाई नृत्य करवाया तो दूसरी तरफ हजारों लोगो ने अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए मनौती भी मांगी। पूरे दिन और पूरी रात चले इस कार्यक्रम में अपार जन समूह ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम का आनन्द लिया। मेला स्थल पर आयोजन समिति ने प्रशासन के सहयोग द्वारा पर्याप्त इंतजाम किए। मेले में मंदिर के आसपास बडी संख्या में दुकानें भी लगाई गई। आयोजन समिति ने स्थानीय प्रशासन व पुलिस के साथ मेले की विशालता को देखते हुए मजबूत सुरक्षा इंतजाम किए।
मान्यता : होती है हर मनोकामना पूरी
मान्यता है कि रंगपंचमी पर यहां मन्नत मांगने वालो की हर मुराद पूरी होती है तथा बदले में श्रद्धालु यहां लोकनृत्य राई को बधाई के रूप में करवाते हैं। इस साल भी मेले में बधाई नृत्य के लिए पर्याप्त तैयारियां की गईं। मेला स्थल पर स्थानीय सहित दूरदराज से बडी संख्या में नर्तकियां बधाई नृत्य के लिए मौजूद रही। जिन्होने श्रद्धालुओं की मांग पर बुधवार की दोपहर से लेकर देर रात तक अनवरत् नृत्य जारी रखा। गत वर्षो की तुलना में इस वर्ष बधाई नृत्य करवाने वालों की तादात काफी अधिक रही। यह वृद्धि मेले की प्रसिद्धि एवं लोगो की मनोकामना पूर्ति होने के कारण हुई है। मेले में आए बंडा सागर अखलेश जैन, बेगमगंज निवासी कमलेश गौर, बासौदा निवासी अरविंद सिंह, सिलवानी निवासी बाबूलाल गौर, विदिशा के अवधेश साहू आदि दर्जनों लोगो ने बताया कि उन्होने गत वर्ष माता के सामने आकर मन्नत मांगी थी। जो पूरी हुई। इसीलिए वे बधाई नृत्य करवाने आए है।

आयोजन समिति के साथ प्रशासन व पुलिस ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान
मेला आयोजन की व्यवस्थाओं की कमान प्रशासन, पुलिस व आयोजन समिति के सदस्यों ने संभाली। समिति के सहित अन्य टीम मेम्बर एवं प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस जवान और ग्रामीण समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे तथा व्यवस्थाएं देखीं।

विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने करीला धाम में मत्था टेक कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की
प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने तहसील के भानपुर गंज गांव स्थित करीला धाम में आयोजित मेला कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्र व प्रदेश की खुशहाली की कामना की। विधायक डा. चौधरी रंगपंचमी के उपलक्ष्य में भानपुर गंज टेकरी पर लगे मिनी करीला मेला में पहुंचे। उन्होंने यहां स्थित माता जानकी व लवकुश मंदिर में मत्था टेक कर क्षेत्र प्रदेश व जनता की समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस मौके पर आयोजन समिति की ओर से मंत्री का स्वागत भी किया गया। इस मौके पर मेला में शामिल होने आए दूरदराज के लोगों से भी विधायक ने मिलकर त्यौहार की शुभकामनाएं दीं।