उवेश खान सिलवानी रायसेन
रायसेन जिले की बरेली तहसील के ग्राम खैरवाड़ा अंतर्गत मछवाई मोड़ के लोग आज भी अंधेरे में जीने को मजबूर हैं। यहां के 8 से 10 मकानों तक आज तक बिजली नहीं पहुंच पाई! सरकार की अटल ज्योति योजना, जो हर गांव और हर घर तक रोशनी पहुंचाने का दावा करती है, उसका लाभ यहां के निवासियों को नहीं मिल पाया। गांव के लोग इस समस्या से बेहद परेशान हैं।

उनका कहना है कि बिना बिजली के उनका जीवन मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, रात में कोई भी ज़रूरी काम करना नामुमकिन हो जाता है, बीमार लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं। “रात होते ही अंधेरा छा जाता है, हमें लालटेन और ढिबरी के सहारे काम चलाना पड़ता है। सरकार बड़ी-बड़ी योजनाओं की घोषणा करती है, लेकिन हमें उसका कोई लाभ नहीं मिल रहा।” गांववालों ने कई बार बिजली विभाग और प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की अपील की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब थक-हारकर ग्राम खैरवाड़ा अंतर्गत मछवाई मोड़ के निवासियों ने एसडीएम साहब को आवेदन सौंपा है और जल्द से जल्द बिजली कनेक्शन की मांग की है!

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस समस्या पर ध्यान देगा? क्या मछवाई मोड़ के लोगों को भी रोशनी देखने का हक मिलेगा? या फिर यह इलाका यूं ही अंधेरे में डूबा रहेगा? ग्रामीणों को अब भी उम्मीद है कि उनकी यह गुहार सरकार तक पहुंचेगी और जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान होगा। आप इस मुद्दे पर क्या सोचते हैं? क्या सरकार को जल्द ही इस पर एक्शन लेना चाहिए?