अभिषेक असाटी बक्सवाहा
छतरपुर जिले के बक्सवाहा में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार को गम में बदल दिया। छतरपुर से जबलपुर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 12 वर्षीय अनुष्का अग्रवाल और उनके पिता अभिषेक अग्रवाल (45) की दर्दनाक मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल राघव (14), और उसकी मां सोनिया (44) को प्राथमिक उपचार के बाद दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से नाजुक स्थिति को देखते हुए जबलपुर भेज दिया गया।
संयोग से टीकमगढ़ निवासी एक जैन परिवार जो कुंडलपुर की यात्रा पर था, घटनास्थल से गुजर रहा था। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने में मदद की। पहली बार, बक्सवाहा की एंबुलेंस सेवा समय पर पहुंची, जिससे मरीजों को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सकी।
डॉ. सचिन ठाकुर, गुड्डा अहिरवार और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को सुरक्षित दमोह भेजा गया। एंबुलेंस सेवा के चालक रामे पाटकार, रीतेश और कृष्णकांत के साथ अस्पताल प्रबंधन की भूमिका सराहनीय रही।