– सड़कों पर अंधी रफ्तार से दौड़ रहीं बसों से हो रहे हादसे
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज सिलवानी मार्ग पर भानपुर गंज मोड़ के पास बरेली से आ रही शुभम ट्रेवल्स की यात्री बस अंधी रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना शुक्रवार सुबह सवा दस बजे की है। घटना में 7 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार की सुवह सवा दस बजे बरेली से गैरतगंज की ओर आ रही शुभम यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में लगभग 25 से 30 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना का कारण बस की अंधी रफ्तार रही। इस दुर्घटना में 7 यात्री घायल हुए हैं जिनमें निधि चढ़ार 26 वर्ष भानपुर गंज, खुशबू लोधी 19 वर्ष गगनवाड़ा सिलवानी, प्रहलाद सिंह 70 वर्ष गगनवाड़ा सिलवानी, दीपक आदिवासी 27 वर्ष पिथोरिया सागर, रमेश कुमार 52 वर्ष पिथोरिया सागर, नारायण सिंह 70 वर्ष चुरक्का एवं वंशिका 14 वर्ष रमपुरा शामिल हैं। घायलों को गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना में बस भी क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उपनिरीक्षक सुनंदा खरे ने बताया कि पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की है तथा समुचित कार्यवाही की जा रही है।
बसों की अंधी रफ्तार बन रही हादसों का कारण
क्षेत्र में चारों तरफ सड़कों पर इन दिन यात्री बसें अंधी रफ्तार से चलाई जा रही हैं। नियंत्रण के अभाव में इसी कारण दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। इसके अलावा अप्रशिक्षित चालक भी इसका कारण हैं। बसों के प्रबंधन देखने वाले बस मालिक एवं प्रशासन, पुलिस व परिवहन विभाग की अनदेखी इसके लिए जिम्मेदार है। तत्काल इस दिशा में ध्यान देकर बसों की रफ्तार पर कार्यवाही किया जाना आवश्यक है।