भाटी सरकार ने दिव्यांग युवती को बनाया अपनी हवस का शिकार, मामला दर्ज होने से पहले ही गायब हो गया बाबा
– दुष्कर्म के बाद आठ माह की गर्भवती हुई पीड़िता
– फरार बाबा की तलाश में जुटी पुलिस
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के लुकवासा क्षेत्र में भाटी सरकार के नाम से विख्यात बाबा रामकिशोर उर्फ बृजेश शर्मा (48) द्वारा एक दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने भाटी सरकार उर्फ रामकिशोर बाबा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने से के एक माह पहले ही बाबा मंदिर से गायब है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। युवती की शिकायत पर से पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और फरार बाबा की तलाश शुरू कर दी गई है। लुकवासा चौकी प्रभारी शिखा तिवारी ने बताया कि दिव्यांग युवती की शिकायत पर हमने मंदिर के महंत पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। महंत पिछले एक माह से मंदिर से गायब है। हम उसकी तलाश कर रहे हैं।
युवती आठ माह की गर्भवती हुई-
पुलिस के मुताबिक ग्राम भाटी निवासी एक 19 साल की दिव्यांग युवती ने अपने माता-पिता के साथ लुकवासा पुलिस चौकी में दर्ज कराई कि वह नवंबर-दिसंबर 2023 में भाटी सरकार हनुमान मंदिर पर सुबह 7 बजे पूजा-अर्चना करने गई थी। उसी समय मंदिर पर महंत रामकिशोर दास उर्फ बृजेश शर्मा (48) ने उसे पकड़ लिया और कमरे के अंदर ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि महंत ने मुझे धमकी दी कि अगर इस मामले में किसी को कुछ बताया तो तुम्हारे पिता को जान से मार दूंगा। जिसके चलते युवती ने किसी को कुछ नहीं बताया। घटना का पता युवती के परिजन को तब चला जब वह 8 माह की गर्भवती हो गई और उसके पेट में तेज दर्द हुआ। युवती के पेट में तेज दर्द हुआ तो परिजन उसे अशोकनगर इलाज लेकर पहुंचे। यहां पर जांच में पता चला कि वह वह 8 माह की गर्भवती हो गई है।
बाबा ने जमा लिया था भक्तों में अपना अच्छा प्रभाव–
स्थानीय लोगों ने बताया कि भाटी सरकार स्थित मंदिर पर कोविड से पहले बाबा रामकिशोर उर्फ बृजेश शर्मा यहां आया था। इसके बाद इस इलाके में बाबा ने अपना अच्छा प्रभाव जमा लिया था। धार्मिक बातों में उलझा कर बाबा ने इस क्षेत्र में अपना डेरा डाला और धीरे-धीरे अपनी पकड़ बना ली। इस दौरान यहां पर बड़ी संख्या भक्तगण जुटते थे। कई धार्मिक कार्यक्रम भी यहां पर हुए हैं। बाबा रामकिशोर के प्रति लोगों का अच्छा भाव था। बताया जाता है कि बाबा पहले शिवपुरी में स्थित खूबत घाटी पर एक मंदिर पर रहते थे बाद में वह लुकवासा क्षेत्र में यहां पर भाटी सरकार के नाम से पहचाने जाने लगे।