-कांग्रेस ने इतिहास के पन्नों को काला करने का काम किया है:श्री कांति देव सिंह
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय वर्चुअल बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी श्री कांति देव सिंह, रायसेन जिला प्रभारी श्री सुधीर अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा, पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा और राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल विशेष रूप से जुड़े और बैठक को सफल बनाया।
बैठक के मुख्य अतिथि श्री कांति देव सिंह ने अपने संबोधन में आगामी 25 जून को आपातकाल के काले दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस दिन को हर मंडल स्तर पर बड़े पैमाने पर याद किया जाएगा। श्री सिंह ने कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी की सरकार ने आपातकाल के दौरान जनसंघ के बड़े नेताओं को जेल में बंद कर दिया था और मीडिया पर कठोर प्रतिबंध लगाए थे, जिससे लोकतंत्र पर बड़ा हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इतिहास के पन्नों को काला करने का काम किया है और इसके लिए वह देश की जनता के प्रति दोषी है।
वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा ने बैठक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह की बैठकें पार्टी की एकता और संगठन को मजबूत बनाने में सहायक होती हैं। श्री शर्मा ने सभी को विश्वास दिलाया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी आगामी कार्यक्रमों और रणनीतियों को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम करेंगे।
वर्चुअल बैठक में समस्त मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, विधानसभा संयोजक और मंडल प्रभारी भी विशेष रूप से शामिल रहे और सभी ने अपने विचार साझा किए। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई, ताकि भविष्य में पार्टी की नीतियों और विचारधारा को और मजबूत किया जा सके।
– न्यूज़ सोर्स हरी साहू जिला मीडिया प्रभारी रायसेन