बड़वानी। जिलेभर के अतिथि शिक्षक सोमवार दोपह कृषि उपज मंडी में एकत्रित हुए। यहां से रैली के रुप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रैली में हाथों में कटोरा थाम अनोखा प्रदर्शन किया और दुकानदारों से भीख मांगी।
दरअसल अतिथि शिक्षकों को पिछले 6 माह से वेतन नहीं मिला है। आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते उन्होंने भीख मांग कर शासन को अपनी मांग के प्रति आकर्षित किया।
ज्ञापन में कही ये बात
अतिथि शिक्षकों ने कलेक्टर और डीईओ कार्यालय में सौंपे ज्ञापन में बताया कि उन्हें पिछले छह माह से वेतन नहीं मिल रहा हैं। इससे अतिथि शिक्षकों के खाने के लाने पड़ने लगे है। जिले में 4 हजार से अधिक शिक्षक सेवारत है। कई स्कूलें अतिथियों के भरोसे चल रही हैं। वेतन व अन्य मांगों को लेकर शासन ने जो घोषणाएं की थी, वो लागू नहीं हुई। इसको लेकर अब अतिथि शिक्षकों के सब्र का बांध फूटने लगा है। उन्होंने बताया कि जल्द मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।