महू। महू शहर के जोशी मोहल्ला में सोमवार रात कुछ लोगों में विवाद के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही महू कोतवाली पुलिस व अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। तब तक सभी बदमाश भाग गए।\
मंगलवार सुबह युवक के स्वजनों ने मोतीमहल चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। स्वजनों ने आरोपितों के घरों को बुलडोजर से ध्वस्त करने की मांग की।
रात को हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार घटना कल रात करीब 7.30 बजे हुई थी। वहीं का निवासी युवक मनीष उसके साथियों के साथ खड़ा था। तभी बातचीत में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मनीष ने विशाल नामक युवक पर धारदार हथियार से गले पर हमला कर दिया जिससे विशाल को गंभीर चोट लग गई।
अस्पताल में किया मृत घोषित
मौके पर मौजूद साथी विशाल को घायय अवस्था में मध्यभारत अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी ग्रामीण रूपेश द्विवेदी, एसडीओपीप दिलीप सिंह चौधरी, महू कोतवाली थाना प्रभारी संजय द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व जांच शुरू की।
आपसी विवाद में घटना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक रूप से आपसी विवाद के चलते घटना होना प्रतीत हो रहा है। जिसमें मनीष नाम युवक ने विशाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसकी मृत्यु हो गई।