दशहरा मैदान में भव्य आयोजन, रामलीला मंचन और हनुमान स्वरूप मुकुट रहेगा आकर्षण का केंद्र
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि, मखनी तालाब में होगा बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
रायसेन। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व मंगलवार, 20 अक्टूबर को रायसेन में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में दशहरा मैदान पर भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन में 35 फीट ऊंचे रावण का दहन, रामलीला मंचन और ‘जय रघुवीर–जय महावीर’ हनुमान स्वरूप मुकुट प्रमुख आकर्षण रहेंगे। पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि
दशहरा महोत्सव में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमना सेन, श्री हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्षों सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच रावण दहन किया जाएगा। यह आयोजन धर्म की अधर्म पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश देगा। दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर समिति द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
माखनी तालाब में होगा बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन
जाखा और पगनेश्वर में जलस्तर कम होने के कारण बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए मखनी तालाब को निर्धारित किया गया है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन द्वारा विसर्जन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की तैयारी की गई है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन तैयार
विजयादशमी पर्व पर दशहरा मैदान सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
शहरवासियों से शामिल होने की अपील
श्री हिंदू उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी उपेंद्र गौतम ने बताया कि दशहरा महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर पर्व की खुशियां साझा करने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।