गढ़ी में सड़क किनारे नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक, यात्री प्रतीक्षालय और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की मांग
– सरपंच ने एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक को सौंपा आवेदन, भोपाल–सागर मुख्य मार्ग पर जनसुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़ी में भोपाल–सागर मुख्य सड़क मार्ग पर नागरिकों एवं राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाली निर्माण, पेवर ब्लॉक, यात्री प्रतीक्षालय तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत गढ़ी के सरपंच सैयद मसूद अली पटेल ने मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआरडीसी), भोपाल के महाप्रबंधक को आवेदन देकर आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि रायसेन से राहतगढ़ तक लगभग 81 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य कॉम्पिटेंट पिल प्राइवेट लिमिटेड जेवी कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा है। भोपाल–सागर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत गढ़ी आबादी क्षेत्र होने के कारण यहां आवागमन काफी अधिक रहता है। ऐसे में सड़क के दोनों ओर आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाना जनहित में महत्वपूर्ण है।

सरपंच ने बताया कि गढ़ी के आबादी क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि जल निकासी की उचित व्यवस्था हो सके। इसके अलावा शेष स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाए जाने से पैदल चलने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी और सड़क किनारे का क्षेत्र भी व्यवस्थित हो सकेगा।
यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय और स्ट्रीट लाइट की मांग
आवेदन में ग्राम पंचायत गढ़ी में बस स्टैंड के पास यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराने की मांग भी की गई है। इससे बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को राहत मिल सकेगी। साथ ही बिजली के पोलों पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की गई है, जिससे रात के समय सड़क किनारे आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिले और क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सके।
हायर सेकेंडरी स्कूल और खेल मैदान के आसपास भी सुविधाएं जरूरी
सरपंच ने आवेदन में गढ़ी के लोहागढ़ टोला क्षेत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां हायर सेकेंडरी स्कूल एवं खेल मैदान के आसपास भी नागरिकों और विद्यार्थियों की आवाजाही रहती है। इस क्षेत्र में नाली, पेवर ब्लॉक और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों सहित स्थानीय रहवासियों को लाभ मिलेगा।

निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध
सैयद मसूद अली पटेल ने एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक से अनुरोध किया है कि संबंधित निर्माण एजेंसी को स्थल निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्यों को प्रस्ताव में शामिल करने तथा शीघ्र निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत गढ़ी के आबादी क्षेत्र में सड़क निर्माण के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का विकास भी जरूरी है, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध हो सके।
ग्रामीणों की सुविधा और क्षेत्र के समुचित विकास को ध्यान में रखते हुए अब संबंधित विभाग की ओर से इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा है।