रविवार को पानी बिहार में होगा महा मुकाबला, ट्रैक्टरों की ताकत और चालकों के हुनर पर रहेगी नजर
सेमरा में ट्रैक्टर टोचन का रोमांचक ट्रायल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशन दीवानगंज सेमरा में ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता का रोमांचक पूर्वाभ्यास मुकाबला हुआ। रविवार को श्यामपुर के पास पानी बिहार में होने वाली वृहद ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता से पहले आयोजित इस ट्रायल को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण पहुंचे। दो शक्तिशाली ट्रैक्टरों के बीच हुए टोचन मुकाबले के दौरान इंजन की गड़गड़ाहट और ट्रैक्टरों की ताकत ने मैदान में रोमांच पैदा कर दिया। हर कोई ताली बजाते हुए नजर आया।
‘द ग्रैंडफादर’ ने दिखाया दम
पूर्वाभ्यास में ग्राम सेमरा निवासी राहुल लोधी का एचएमटी ट्रैक्टर ‘द ग्रैंडफादर’ आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य प्रतियोगिता से पहले ट्रैक्टर की खींचने की क्षमता, इंजन की ताकत और चालक के कौशल को परखने के उद्देश्य से ट्रायल कराया गया। जैसे ही टोचन शुरू हुआ, दोनों ट्रैक्टरों ने एक-दूसरे को खींचने के लिए पूरी ताकत लगा दी। ट्रैक्टरों के इंजन की तेज आवाज और मैदान में उड़ती धूल के बीच ग्रामीणों ने तालियों और नारों से चालकों का उत्साह बढ़ाया। इससे पहले ग्राम सेमरा क्षेत्र में ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिताएं हो चुकी है।

ट्रायल में नहीं था पुरस्कार, फिर भी उमड़ा हुजूम
आयोजकों के अनुसार यह मुकाबला केवल अभ्यास और शक्ति परीक्षण के लिए रखा गया था। इसमें कोई आधिकारिक पुरस्कार या ट्रॉफी नहीं थी, इसके बावजूद ग्रामीणों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने ट्रैक्टरों की क्षमता और चालकों के हुनर को करीब से देखा।
रविवार को पानी बिहार में होगा महा मुकाबला
सेमरा में हुए पूर्वाभ्यास के बाद अब ग्रामीणों की निगाहें रविवार को श्यामपुर के पास स्थित पानी बिहार में होने वाली मुख्य ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता पर टिकी हैं। प्रतियोगिता में अलग-अलग क्षेत्रों से शक्तिशाली ट्रैक्टर और अनुभवी चालक हिस्सा लेने की तैयारी में हैं। सेमरा के ग्रामीणों को उम्मीद है कि राहुल लोधी का ‘द ग्रैंडफादर’ मुख्य मुकाबले में भी दमदार प्रदर्शन करेगा।