सिलयारी छाता तालाब से मुक्तेश्वर धाम चरौदा तक निकली भव्य कावड़ यात्रा, भक्ति और आस्था के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र
सुरेंद्र जैन धरसीवा
धरसींवा क्षेत्र में सावन की पावन बेला पर आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सिलयारी छाता तालाब से मुक्तेश्वर धाम चरौदा तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में कावड़ यात्री, शिवभक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए। कावड़ यात्रियों के हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो उठा।
भावेश बघेल के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल कावड़ यात्रा में क्षेत्रभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। भक्तों ने सिलयारी छाता तालाब से पवित्र जल लेकर कावड़ यात्रा प्रारंभ की और श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मुक्तेश्वर धाम चरौदा पहुंचे। यहां भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं जलपान की व्यवस्था की गई। मुक्तेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

धरसींवा के विकास और जनता की खुशहाली के लिए महादेव से मांगा आशीर्वाद
इस अवसर पर भावेश बघेल ने कहा भगवान भोलेनाथ की भक्ति हमें सेवा, समर्पण और एकता का संदेश देती है। धरसींवा क्षेत्र के विकास, क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने मुक्तेश्वर धाम पहुंचे हैं। महादेव की कृपा पूरे क्षेत्र और हर परिवार पर बनी रहे, यही हमारी प्रार्थना है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। जब हजारों लोग एक साथ भगवान शिव की भक्ति में शामिल होते हैं तो इससे हमारी सामाजिक एकता और भाईचारा और मजबूत होता है।

धर्म और आस्था के प्रति सदैव समर्पित-आशीष वर्मा
ब्लॉक कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा धर्म और आस्था के प्रति हम हमेशा समर्पित रहे हैं। कावड़ यात्रा जैसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता का संचार करते हैं। आज हजारों शिवभक्तों का एक साथ इस यात्रा में शामिल होना क्षेत्र की आस्था और महादेव के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है।उन्होंने आगे कहा भगवान भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और धरसींवा क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। इसी भावना के साथ इस पावन आयोजन में सभी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भव्य कावड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह और भक्ति ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के समापन पर विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।