सी के पारे रायसेन
पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर अर्जुन नगर में धर्म और आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। कथा व्यास आचार्य पंडित देवदास जी महाराज के सानिध्य में तथा अर्जुन नगर, यशवंत नगर और रायसेन के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के सहयोग से सोमेश्वर महादेव की दिव्य झांकी एवं भव्य कलश यात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई।
कलश यात्रा मां सिद्धेश्वरी माता मंदिर परिसर, वार्ड क्रमांक-15, अर्जुन नगर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन और शिव भक्ति गीत गाते हुए यात्रा में भाग लिया। यात्रा अर्जुन नगर से नगर भ्रमण करते हुए श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, गोपालपुर पहुंची तथा वहां दर्शन-पूजन के बाद पुनः मां सिद्धेश्वरी माता मंदिर परिसर लौटी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान सोमेश्वर महादेव की झांकी, कलश यात्रा एवं मां सिद्धेश्वरी माता की पूजा-अर्चना कर स्वागत किया।

इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 3 अगस्त (प्रथम श्रावण सोमवार) से 9 अगस्त तक किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शिव इच्छा तक रहेगा। कथा स्थल मां सिद्धेश्वरी माता मंदिर परिसर, वार्ड क्रमांक-15, अर्जुन नगर, रायसेन रहेगा।
इसके अलावा 10 अगस्त (द्वितीय श्रावण सोमवार) को सोमेश्वर महादेव एवं महाकाल की भव्य सवारी दोपहर 12:00 बजे मां सिद्धेश्वरी माता मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, गोपालपुर तक पहुंचेगी।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण करने तथा भगवान सोमेश्वर महादेव एवं महाकाल की भव्य सवारी में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।