मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज निवासी 60 वर्षीय जगदीश उर्फ जग्गा नायक पिछले चार दिनों से लापता हैं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उनका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इसके बाद परिवार ने दीवानगंज चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीश उर्फ जग्गा नायक 10 जून को रोजाना की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। परिजनों का कहना है कि वह प्रतिदिन घूमने के बाद समय पर घर लौट आते थे, लेकिन इस बार देर शाम तक वापस नहीं पहुंचे। जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में खोजबीन की, लेकिन कहीं से भी उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन दीवानगंज चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जगदीश नायक की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उनके गुम होने की शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को जगदीश उर्फ जग्गा नायक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल दीवानगंज चौकी या उनके परिवार को सूचना दें।
चार दिन से लापता बुजुर्ग का कोई सुराग न मिलने से क्षेत्र में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। किसी को अगर जानकारी मिले तो इस मोबाइल नंबर917471149790 संपर्क करें।