मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, बालमपुर और देहरी सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब 7 बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद लगभग एक घंटे तक हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को काफी हद तक राहत मिली।
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय मौसम सुहावना हो गया। किसान और ग्रामीण भी मौसम में आए इस बदलाव से खुश नजर आए। लंबे समय से गर्मी और लू जैसे हालात झेल रहे लोगों को राहत की उम्मीद जगी।

हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बारिश थमने के बाद दोपहर होते-होते तेज धूप निकल आई। चिलचिलाती धूप और बढ़ी हुई उमस के कारण लोगों को दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ा। बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह हुई बारिश से वातावरण में ठंडक तो आई, लेकिन बाद में निकली तेज धूप ने उमस बढ़ा दी, जिससे दिनभर बेचैनी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलता रह सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।