रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
औद्योगिक नगर मंडीदीप में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की डॉज बॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन होने जा रहा है। डोजबॉल फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता जिला रायसेन को प्रदान की गई है, जिसका आयोजन एमेच्योर डॉजबॉल एसोसिएशन रायसेन द्वारा किया जाएगा। यह 19वीं सीनियर राष्ट्रीय डॉज बॉल प्रतियोगिता 18 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें देश के 22 राज्यों से लगभग 800 खिलाड़ी (बालक एवं बालिका वर्ग) भाग लेंगे।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान कर उनके कौशल को निखारना और खेल को बढ़ावा देना है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति की बैठक वार्ड क्रमांक 5 स्थित जागृति हाई सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई।
बैठक में संगठन के जिला सचिव विराट मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडीदीप में पहली बार इतने बड़े स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी संजय सिंह, जीवन सिंह पाल, राजकुमार मारण, सुरेंद्र सिंह चौहान, कपिल देव राजपूत, एस एस राजपूत, खेल प्रशिक्षक निसार उल्लाह, रामनिवास पाल, सोनू खटीक, प्रशांत सर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए अपने सुझाव दिए और सहयोग का आश्वासन दिया।