सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
पवित्र रमजान, ईद-उल-फितर और अन्य सर्वधर्म त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासनिक अमले की भूमिका की मुस्लिम समाज ने सराहना की है। त्योहारों को गरिमापूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जामा मस्जिद कमेटी और मुस्लिम समाज द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

मुस्लिम त्यौहार कमेटी मध्य प्रदेश के महासचिव मुजीब अंसारी और जामा मस्जिद कमेटी के सदर सैयद नोमान अली के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक कार्यालयों और थानों में पहुँचकर अधिकारियों का मुँह मीठा कराया। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मुजीब अंसारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासनिक अमले ने जिस तरह दिन-रात मुस्तैद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह काबिल-ए-तारीफ है। इसी सक्रियता के कारण सभी धर्मों के त्योहार आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुए। इस।मौके पर प्रतिनिधित्व मंडल में आफताब अहमद, फईम कुरैशी, मोहम्मद खालिद सहित समाज के अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।