मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कुलहड़िया गांव के हाईवे किनारे स्थित सार्वजनिक हैंडपंप कई वर्षों से खराब पड़ा है, जिससे मोहल्ला व आसपास के ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बिजली आपूर्ति बाधित होते ही पानी का संकट गहरा जाता है और लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त हैंडपंप कभी पूरे मोहल्ले का मुख्य जलस्रोत था, लेकिन लंबे समय से खराब होने के कारण अनुपयोगी बना हुआ है। कई बार मौखिक शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई।
बिजली जाते ही बढ़ती परेशानी
गांव में पानी की आपूर्ति बिजली चालित मोटरों पर निर्भर है। जैसे ही बिजली बंद होती है, ग्रामीणों के पास कोई वैकल्पिक स्रोत नहीं बचता। ऐसे में हैंडपंप चालू रहता तो तत्काल राहत मिल सकती थी।
शीघ्र मरम्मत की मांग
मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि हाईवे किनारे स्थित इस सार्वजनिक हैंडपंप की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि बिजली कटौती के समय ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा की अनदेखी से रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है, इसलिए संबंधित विभाग को तुरंत ध्यान देना चाहिए।