-सांसद भारत सिंह ने रेलमंत्री वैष्णव से मुलाकात कर रखी मांग
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर खजुराहो से सवाई माधौपुर तक रेलवे यातायात बहाल करने की मांग की है। उन्होंने रेल मंत्री को पत्र सौंपकर अनुरोध किया है कि खजुराहो से झांसी के लिए तो रेल सुविधा पहले से ही उपलब्ध है,लेकिन इसे यदि करैरा, शिवपुरी, पोहरी, श्योपुर से सवाई माधौपुर तक बढ़ा दिया जाए, तो न सिर्फ यात्रियों की रेल सुविधा में इजाफा होगा, बल्कि मध्यप्रदेश के साथ उत्तरप्रदेश एवं राजस्थान में भी पर्यटन का भी विकास होगा। अभी जो पर्यटक पन्ना टाइगर रिजर्व, खजुराहो के मंदिर और ओरछा मेंं राम राजा का मंदिर देखकर वापस हो जाते हैं, वो श्योपुर के कूनो माधव टाइगर पार्क में जाकर चीते देखेंगे और सवाई माधौपुर भी पहुंचेगें। उन्होंने बताया कि झांसी से श्योपुर रेल लाइन के लिए सर्वे कार्य पूरा हो चुका है, जिसके लिए शीघ्र विस्तृत परियोजना रिपोर्ट( डीपीआर) तैयार कराई जाए, जिससे झांसी से श्योपुर रेलवे लाइन का रास्ता साफ हो सके।