सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
गैरतगंज नगर में खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। सुबह से लाइन में लगे रहने के बावजूद शाम तक खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने भोपाल-सागर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि बुआई के लिए डीएपी और उसके बाद यूरिया की अत्यंत आवश्यकता है, लेकिन शासन-प्रशासन इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को खाद मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में किसान नगर की सहकारी विपणन संस्था पर पहुंचे थे। प्रबंधन ने किसानों को उपलब्धता के आधार पर दो बोरी यूरिया के टोकन भी दिए। हालांकि, वितरण में तकनीकी खराबी और अन्य अव्यवस्थाओं के कारण शाम तक किसानों को यूरिया नहीं मिल पाया। इससे भड़के किसानों ने मुख्य भोपाल-सागर मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्राम मोहड के किसान रवि कुमार, संतोष कुमार, और रम्पुरा के संदीप कुमार, राहुल, मंशाराम आदि ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि वे खाद के इंतजार में सुबह 4 बजे से टोकन लेकर लाइन में लगे हैं, लेकिन अव्यवस्था के चलते उन्हें खाद नसीब नहीं हुआ। किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे लोगों ने भी अव्यवस्था फैलाई जिनके पास टोकन भी नहीं थे, फिर भी जो हकदार थे उन्हें खाद नहीं मिल पाया।

कृषि मंत्री पर कटाक्ष
आक्रोशित किसानों ने देश के कृषि मंत्री और क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब देश के कृषि मंत्री के क्षेत्र में किसानों के यह हाल हैं, तो देश के अन्य हिस्सों में क्या स्थिति होगी। उन्होंने कृषि मंत्री के आय दोगुनी करने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी इस मूलभूत समस्या पर कोई ध्यान नहीं है। किसानों ने लगभग एक घंटे तक सड़क जाम रखा, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में कृषि विस्तार अधिकारी गोविंद नामदेव के मौके पर पहुंचने और उनकी समझाइश के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त किया। किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज उठा रहे हैं।