मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली की कटौती से खासे परेशान हैं। अभी तो गर्मी ठीक ढंग से पड़ी भी नहीं की रोज दो से तीन घंटे की कटौती होने लगी है। ऐसा कोई सा दिन बाकी नहीं जा रहा है जिस दिन बिजली कटौती नहीं होती हो। बिजली उपभोक्ताओं को शासन द्वारा जारी किए गए निर्देश के मुताबिक बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली की कटौती से लोग त्रस्त हैं। सरकार जिस हिसाब से बिजली सप्लाई का दावा करती है उस हिसाब से बिजली नहीं मिल पा रही है। बिजली की कटौती से कस्बों की पेयजल व्यवस्था चरमरा जाती है। आटा चक्की बंद हो जाने से लोगों के सामने बड़ी परेशानी होने लगती है।
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, बरजोरपुर, कुल्हाड़ीया, नर खेड़ा , सरार, कायमपुर, संग्रामपुर, मुस्काबाद, सत्ती, बांसिया, काली टोर, पिपरई, मुनारा, खेड़ा, टपरा, बरजोर पुर, जमुनिया, नीनोद आदि दो दर्जनों से अधिक गांव में रोज 2 से 3 घंटे की कटौती की जा रही है। विद्युत कटौती का कोई समय निर्धारित नहीं है, बिजली कब आती है और कब आ जाए इसका भरोसा नहीं है। लोगों ने कई बार मांग की है कि विद्युत कटौती का समय निर्धारित किया जाए, लेकिन आज तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।। ग्राम वासियों का कहना है कि अगर प्रशासन बिजली कटौती करता है तो उसका समय निर्धारित किया जाए ताकि समय रहते जरूरी काम निपटा लिए जाए जिससे व्यापार करने वालों को परेशानी नहीं होगी बगैर सूचना दिए बिजली काटने से क्षेत्र के व्यापारियों का धंधा चौपट होता है और बाहर से आए हुए लोगों का समय भी बर्बाद होता है।