अनुराग शर्मा सीहोर
जिले में चार विधानसभा है जिसमें सीहोर, बुदनी, इछावर और आष्टा। खास बात यह है कि जिले की बुदनी विधानसभा एक मात्र ऐसी विधानसभा बनने जा रही है, जो उपचुनाव के मामले में रिकार्ड बना रही है। दरअसल, बुदनी विधानसभा में तीसरी बार उपचुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले बुदनी विधानसभा में दो बार उपचुनाव हो चुके हैं, दोनों ही बार उपचुनाव के कारण पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान बने, जबकि अब तीसरी बार भी शिवराज सिंह चौहान ही कारण बन रहे हैं। बता दें विधायक रहते शिवराज सिंह चौहान ने सांसद का चुनाव लड़ा था, तब बुदनी में उपचुनाव हुए थे और मोहनलाल शिशिर विधायक चुने गए थे। जबकि दूसरी बार सीएम रहते शिवराज सिंह चौहान बुदनी से उपचुनाव जीते, और अब विधायक रहते शिवराज सिंह चौहान ने सांसद चुनाव लड़ा और वह अब भारत सरकार में कृषि मंत्री है। अब तीसरी बार बुदनी में उपचुनाव होने जा रहे हंै।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वृंदावन सिंह के अनुसार बुदनी विधानसभा सहित जिले की चारों विधानसभाओं में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील रहेगी। उप निर्वाचन की अधिसूचना का प्रकाशन 18 नवंबर को किया जाएगा, नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर रहेगी, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर रखी गई है। 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को मतगणना की जाएगी। बुदनी विधानसभा में होने जा रहे उपचुनाव के लिए 363 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग होगी। जबकि बुदनी विधानसभा में कुल 2 लाख 76 हजार 397 मतदाता है, जिनमें 1 लाख 43 हजार 111 पुरुष मतदाता और 1 लाख 33 हजार 280 महिला मतदाता तथा 6 अन्य मतदाता तथा 194 सर्विस मतदाता है।