– वार्षिक खेल महोत्सव के पांचवें दिन महिला-पुरुष टीमों के शानदार प्रदर्शन से गूंजा प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान परिसर
भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान, भोपाल में चल रहे 9 दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव के पांचवें दिन खेल मैदान पूरी तरह क्रिकेट के रोमांच और उत्साह से सराबोर नजर आया। बी.एड. एवं एम.एड. के महिला व पुरुष छात्राध्यापकों के मध्य आयोजित सदन स्तरीय क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिनभर चले मुकाबलों में चौकों-छक्कों की गूंज, सटीक गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण ने माहौल को बेहद रोमांचक बना दिया। खिलाड़ियों के जोश के साथ दर्शकों का उत्साह भी चरम पर रहा, जिससे खेल मैदान किसी उत्सव स्थल जैसा प्रतीत हुआ।

प्रतियोगिताओं का शुभारंभ संस्थान के संचालक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार सहित डॉ. रश्मि जैन, डॉ. अजरा आसिफ, डॉ. संचिता जैन, डॉ. रजनी अग्रवाल, अन्नू एस. मैथ्यू, खेल प्रभारी अर्चना चौहान, अंपायर विजय बहादुर सिंह, मयूर दुबे, मनोज श्रीवास्तव एवं महासदन प्रभारी ललित नारायण बुधौलिया द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा प्रतीकात्मक बैटिंग कर किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए संचालक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। इससे न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसी जीवनोपयोगी क्षमताएं भी विकसित होती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान किया।

महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में खेले गए मुकाबलों में चारों सदनों बेतवा, नर्मदा, ताप्ती एवं चंबल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। रणनीति, संयम और सामूहिक प्रयास का बेहतरीन प्रदर्शन खिलाड़ियों द्वारा किया गया, जिससे मुकाबले अंतिम क्षणों तक रोमांचक बने रहे। खेल प्रभारी अर्चना चौहान एवं महासदन प्रभारी ललित नारायण बुधौलिया ने बताया कि खेल महोत्सव के अंतर्गत 9 दिनों तक विभिन्न इनडोर व आउटडोर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें दौड़, गोला फेंक, रस्सी कूद, क्रिकेट, शतरंज, कैरम और रस्साकसी जैसे खेल शामिल हैं। प्रतियोगिताएं महिला एवं पुरुष वर्ग में पृथक-पृथक आयोजित की जा रही हैं।

पांचवें दिन के क्रिकेट मुकाबलों के दौरान अखिल श्रीवास्तव एवं संजय शिवहरे की सजीव व रोचक कमेंट्री ने दर्शकों के उत्साह को और बढ़ा दिया।