ओरछा। अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर के मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा नगरी भी सज संवरकर तैयार हो गई है, जहां पर विशेष पूजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि बुंदेलखंड की अयोध्या कहे जाने वाली ओरछा नगरी में विराजमान श्रीरामराजा सरकार की विशेष पूजा सोमवार को की जाएगी। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव हेलीकाप्टर से सुबह 11.50 बजे ओरछा में बनाए गए हेलीपेड पर उतरेंगे और फिर 11.55 पर श्रीरामराजा सरकार के मंदिर में पहुंचेंगे।
इसके बाद 12.50 तक स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ ही अयोध्या मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लाइव देखने के बाद भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का भी आना तय हुआ है।
कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मंदिर में विशेष साज-सज्जा की गई है और घर-घर दरवाजे पर रंगोली बनाई जाएगी। इसके बाद शाम के समय कंचना घाट पर एक लाख दीप प्रज्ज्वलित कर बेतवा जी की आरती होगी।