सागर। जिले के बीना कस्बे में एक डाक्टर दंपती ने अपने ही घर में जान दे दी। घटना शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात की है। सुबह पटना से आए बेटे ने अपने पिता को फांसी पर झूलता देखा, वहीं पलंग पर उसकी मां मृत पड़ी थी। बेटे ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया है। शव के पास पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें कर्ज से परेशान होकर जान देने की बात लिखी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि चंद्रशेखर वार्ड नंदन वाटिका में रहने वाले डा बलबीर कैथोरिया 58 वर्ष एवं उनकी पत्नी डा मंजू कैथोरिया 55 वर्ष ने अपने ही घर में जान दे दी है। डा बलबीर ने फांसी लगाई है तथा उनकी पत्नी डा मंजू कैथोरिया का शव पलंग पर पड़ा हुआ मिला है। सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कर्ज से परेशान होकर जान देने की बात लिखी गई है। मामले में एफएसएल को सूचना दी गई है। एफएसएल जांच उपरांत दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
जानकारी अनुसार डा. बलबीर कैथोरिया कुरवाई जिला विदिशा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवारत थे तथा उनकी पत्नी बीना सिविल अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ थीं। हाल ही में उनके निर्देशन में सिविल अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा शुरू हुई थी।
डा बलबीर व मंजू कैथोरिया के एक पुत्र व एक पुत्री थी। पुत्री ने तीन साल पहले पढ़ाई के प्रेशर में आकर फांसी लगाकर जान दे दी थी। बेटा प्रतीक पटना एम्स से एमबीबीएस कर रहा है। बेटे की रात 10 बजे के आसपास अपने पिता से बात हुई थी, उसका बीना आने के लिए निकल रहा था। सुबह घर पहुंचा तो घर के दरवाजे खुले हुए मिले। अंदर गया तो माता, पिता को मृत पाया।
Udyam Registration Number : UDYAM-MP-35-0005861