अनुराग शर्मा सीहोर
थाना मंडी अंतर्गत ग्राम अवन्तिपुर में बीती देर रात 28 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। सुबह लोगों की नजर मृतक पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मृतक के पास से एक प्लास भी मिला है तो समीप में तार भी कटे पड़े मिले हैं। आशंका जताई जा रही है चोरी की मंशा से तार काटते वक्त उक्त हादसा हुआ है।
प्राप्त जानकारी अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम अवंतीपुरा से बिजोरा जोड़ जाने वाले रास्ते पर एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव की शिनाख्त की तो मृतक की पहचान समीप के कान्हा स्टेट कालोनी निवासी संजीव चौहान आत्मज राजकपूर के रूप में हुई।
जांच अधिकारी राकेश पंथी ने बताया कि मृतक के हाथ में प्लास भी मिला है तथा आसपास कुछ तार भी कटे पाए गए हैं। रात को चोरी की मंशा से तार काटते वक्त उक्त हादसा हुआ होगा। उनका कहना था कि मृतक के ऊपर कालापीपल थाना क्षेत्र में चोरी के प्रकरण भी दर्ज हैं।फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है।