भोपाल । मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मशहूर श्रमिक नेता रहे बाबू लाल गौर की चतुर्थ पुण्यतिथि पर शासकीय बाबू लाल गौर स्नातकोत्तर महाविद्यालय उन्हें ख़ास तौर पर याद कर रहा है। कल याने इक्कीस अगस्त को महाविद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस मौक़े पर एक महीने तक चलने वाले रोज़गार प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ,केंद्रीय रोज़गार मंत्री भूपेंद्र यादव , प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष और सांसद वी डी शर्मा ,प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह और क्षेत्रीय विधायक श्रीमती कृष्णा गौर इस भव्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
महाविद्यालय की मीडिया प्रचार प्रसार समिति की संयोजक डॉक्टर मीता बादल ने बताया कि स्वर्गीय बाबू लाल गौर की स्मृति में महाविद्यालय की नई इमारत का शुभारंभ हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था।पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय गौर श्रमिकों के कल्याण और उनके रोज़गार पर हमेशा ध्यान देते रहे हैं। वे भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य थे। उन्होंने पुर्तगाल के क़ब्ज़े से गोवा को स्वतंत्र कराने के लिए हुए आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। इसके अलावा देश की आज़ादी के आंदोलन में भी उनका बड़ा योगदान था। वे नौजवानों को रोज़गार उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशील थे। इसीलिए उनकी भावनाओं के अनुरूप महाविद्यालय में युवा पीढ़ी के लिए रोज़गार मुहैया का ख़ास प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में विविध क्षेत्रों के जानकार छात्र छात्राओं को प्रशिक्षण देंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम सुबह दस बजे प्रारंभ होगा। महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की पूर्व अध्यक्ष और विधायक श्रीमती कृष्णा गौर ,वर्तमान अध्यक्ष बारेलाल अहिरवार और प्राचार्य डॉक्टर संजय जैन ने नौजवान छात्र – छात्राओं से अनुरोध किया है कि वे इस रोज़गार मार्गदर्शन शिविर का भरपूर लाभ उठाएँ।
न्यूज़ सोर्स-डॉक्टर प्रो. मीता बादल
संयोजक ,मीडिया प्रचार प्रसार समिति
बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भेल ,भोपाल