अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सियासी घमासान शुरू हो चुका है। ताजा खबर कपिल सिब्बल से है। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने कहा है कि भाजपा नेता अभी से दाव कर रहे हैं कि उन्हें इतनी सीटें मिलेंगी। चुनाव आयोग और कोर्ट को इस पर ध्यान देना चाहिए।
कपिल सिब्बल का पूरा बयान
बकौल कपिल सिब्बल, ‘मैंने हमेशा कहा है कि वे (भाजपा) एक ‘विपक्ष मुक्त भारत’ चाहते हैं, इसलिए गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं कि 300 से अधिक सीटें आएंगी। उनके (भाजपा) एक मंत्री ने पहले ही बता दिया था कि उन्हें कितनी सीटें मिलेंगी। उन्हें पहले से पता होता है कि उन्हें कितनी सीटें मिलेंगी। इस बारे में चुनाव आयोग और कोर्ट को सोचना चाहिए।‘
केजरीवाल के समर्थन में सिब्बल
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन करते हुए कांग्रेस के पूर्व नेता ने कहा कि उन्हें पता था कि अब केजरीवाल के पीछे भी एजेंसियों को लगाया जाएगा।
बता दें, सीबीआई ने आबकारी नीति घोटाला मामले में केजरीवाल को 16 अप्रैल को पेश होने के लिए शुक्रवार को तलब किया है। इसी मामले में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
सूरत में आम आदमी पार्टी के 10 पार्षद भाजपा में शामिल
इस बीच, एक अन्य अहम घटनाक्रम में शनिवार सुबह आम आदमी पार्टी को गुजरात में जोरदार झटका लगासूरत महानगर पालिका में आप के 10 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। इन सभी पार्षदों ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
गुजरात में आम आदमी पार्टी में खींचतान जोरों पर है। पहले गुजरात के आप अध्यक्ष गोपाल ईटालिया को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाकर बाहर भेजा गया तथा गुजरात की कमान पत्रकार से नेता बने ईसूदान गढ़वी को सौंपी गई है।
आप के गुजरात में पांच विधायक हैं, जबकि 2020 के निकाय चुनाव में सूरत में आप के 27 पार्षद जीतकर आए थे। विपक्ष के नेता समेत 10 पार्षद अब आप को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.