इंदौर। इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में 24 मार्च को नशे की हालत में लोडिंग आटो, कार और स्कूटी में आग लगाने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग आरोपित को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी ने बताया कि इलाके में लगातार वाहनों में आग लगाने की घटनाओं की शिकायतें मिल रही थी। पुलिस द्वारा लगातार इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे। फुटेज में दो नाबालिग नशे की हालत में साइकिल पर आकर गाड़ियों में आग लगाते हुए दिखाई दिए। इनमें से एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन अन्य आरोपित भी इसमें शामिल है, जिनकी तलाश की जा रही है।
परिवार मांडव गया, घर में घुस गए चोर
इंदौर। कालानी नगर निवासी प्लायवुड व्यापारी के यहां से चोर लाखों के गहने और नकदी चुरा ले गए। परिवार धार्मिक आयोजन में शामिल होने मांडव गया था। शुक्रवार रात वहां से लौटा तो मेनगेट का ताला टूटा मिला। भीतर जाने पर देखा कि घर का पूरा सामान बिखरा हुआ था। वारदात अतुल जैन के यहां हुई। उन्होंने बताया कि वे परिवार के साथ गुरुवार सुबह मांडव गए थे। घर पर कोई नहीं था। वहां से लौटे तो चोरी का पता चला। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़ दिए हैं। वे उसमें रखे आभूषण और तीन लाख रुपये चुरा ले गए हैं। जैन के मुताबिक, चोरी गए गहनों की कीमत तीन-चार लाख रुपये है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.